- खोड़ा निवासी शख्स 12 अक्टूबर को अपनी बच्ची को चाइल्ड पीजीआई में भर्ती कराया था
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में शुक्रवार सुबह दो साल की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान परिजनों ने वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी के साथ अभद्रता और मारपीट की। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने परिजनों को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
खोड़ा में कालू सीमेंट एजेंसी के पास रहने वाले शिवाजी गुप्ता की दो वर्षीय बेटी राधिका कई दिनों से खून की कमी से पीड़ित थी। परिजनों ने पहले दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल में बच्ची की जांच कराई थी। वहां भर्ती नहीं किए जाने के बाद वे 12 अक्टूबर को उसे चाइल्ड पीजीआई लेकर पहुंचे। अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों ने बच्ची की खून की कमी से संबंधित जांच कराई।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची की हालत लगातार खराब हो रही थी, लेकिन डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। बृहस्पतिवार शाम को बच्ची को वेंटिलेटर पर रखा गया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने इस संबंध में सेक्टर-20 थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।