कार का शीशा तोडक़र लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
- तीन बदमाश गिरफ्तार, चोरी के 31 लैपटॉप और बाइक बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी करने वाले ठक- ठक गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 31 लैपटॉप, तीन लैपटॉप बैग, वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 14 हजार रुपये नकद और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक बरामद हुई है। बदमाशों ने जिले के अलग-अलग हिस्से में कई वारदातें की हैं। आरोपियों की पहचान पतवाड़ी गांव निवासी लविश कुमार, अंकित यादव व सादुल्लापुर निवासी राजेंद्र वर्मा के रूप में हुई है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप चुराने वाले तीन बदमाशों को कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने रविवार को सोरखा से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी लंबे समय से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ये बदमाश रात में बाइक से निकलते थे और मॉल, मार्केट व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रेकी करते थे। बाद में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। आरोपी शीशा तोड़ने वाली पोर्टेबल मशीन से पांच सेकेंड में गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लेते थे। वारदात के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। चोरी किए गए लैपटॉपों को आरोपी सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ दस से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब बरामद लैपटॉपों के असली मालिकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। तीनों आरोपी दसवीं तक पढ़े हुए हैं।