दादरी (संवाद)। क्षेत्र के बोड़ाकी गांव के समीप कार चालक व दो अज्ञात लोगों ने एक आरक्षी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि कार से धक्का देकर गिरा दिया। जिससे वह घायल हो गया। आरोपी उसका बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने चालक समेत दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि अमरोहा के बदौनिया गांव निवासी अनुज कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह मथुरा में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। 20 मई को वह डयूटी से एक दिन का अवकाश लेकर घर जा रहे थे। नोएडा सेक्टर 62 पहुंचकर जोया जाने के लिए सवारी के इंतजार में खड़े थे। तभी एक कार वहां पर आकर रुकी। कार में बैठे व्यक्ति ने पूछा कि जोया जाना है। तो उन्होंने कहा कि जाना है। तो ड्राइवर ने कार में बैठने को कहा। कार में दो अन्य व्यक्ति बैठे थे। कुछ दूर चलने के बाद अनुज के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब गाली देने से मना किया तो मारपीट कर दी गई।आरोपी आरक्षी का बैग लूटकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।