ग्रेटर नोएडा। हबीबपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। हबीबपुर निवासी रविन्द्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका अपने भाई देवीराम से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में 11 जुलाई 2025 की रात देवीराम और मुनिन्दर ने उसके साथ मारपीट की। जिससे उसके चेहरे पर चोट आई और दांत भी हिल गए। घटना के बाद उसे सहयोग नहीं मिल सका, जिस कारण वह तत्काल थाना नहीं पहुंच पाया। बाद में उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। मामले में आगे कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली है। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।