- बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र की एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी स्थित भगत सिंह छात्रावास की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह छात्रावास के कमरे में बीटेक छात्र का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि छात्र ने आत्महत्या की है। जिसके पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
मृतक छात्र गौरव (18) मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के जाटू स्याना का रहने वाला था। वो इस समय गलगोटिया विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आत्महत्या से पहले युवक ने एक युवती को फोन पर संदेश भेजा था। मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। इसकी जांच की जा रही है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन शव को लेकर पैतृक गांव चले गए हैं। वहीं पर अंतिम संस्कार करेंगे। अभी परिजनों ने लिखित में कोई शिकायत नहीं दी है।