दनकौर (संवाद)। बिलासपुर कस्बे स्थित एक निजी लाइब्रेरी में बुधवार को पढ़ाई के दौरान दो छात्रों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि लाइब्रेरी में शोर मचाने से मना करने पर एक छात्र ने दूसरे छात्र पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। गांव तालड़ा निवासी मनीष अधाना बिलासपुर की एक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद झालड़ा गांव का एक छात्र कथित रूप से शोर-शराबा करने लगा। मनीष ने उसे शांत रहने और अन्य छात्रों की पढ़ाई में बाधा न डालने की बात कही। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर छात्र ने अपना आपा खो दिया और मनीष पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में मनीष की नाक और चेहरे पर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना मिलने पर पीड़ित के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे दनकौर कोतवाली लेकर गए। वहां से पुलिस ने घायल छात्र को डॉक्टर परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।