नोएडा (संवाद)। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में बच्चों के दांतों का उपचार और प्रभावी ढंग से होगा। संस्थान के दंत रोग विभाग में दो नई डेंटल चेयर जोड़ी गईं हैं, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है। इसके अलावा पोर्टेबल डेंटल यूनिट और पोर्टेबल एक्स-रे मशीन भी मिली है। नई सुविधाओं के बाद मरीजों को उपचार के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा। दंत रोग विभाग की प्रमुख डॉ. अदिति माथुर ने बताया कि कई बार सिंड्रोम ग्रस्त, विकासात्मक समस्याओं वाले या व्यवहार संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे बच्चों को सामान्य एनेस्थीसिया के तहत दंत उपचार की जरूरत होती है। नई मशीनों के जरिए ऐसे मरीजों की जांच प्रक्रिया अधिक सटीक और व्यापक होगी।