ग्रेटर नोएडा (संवाद)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों को 30 जून तक वार्षिक ई-केवाईसी करानी होगी। निर्धारित समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने पर आगामी किसान सम्मान निधि की किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। उपकृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि योजना के सभी लाभार्थियों के लिए वार्षिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। किसान दो माध्यमों से ई-केवाईसी करा सकते हैं। पहले तरीके में पीएम किसान मोबाइल एप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा स्वयं ई-केवाईसी कर सकते हैं। दूसरा नजदीक के जन सुविधा केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।