जिला अस्पताल में भर्ती मरीज से जानकारी लेती राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या। -सं
अमेठी सिटी। इमरजेंसी के पास बोर्ड पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के नंबर लिखवाएं। चिकित्सक फोन जाने पर मरीजों से बात कर उनकी समस्या का समाधान करें। ये निर्देश मंगलवार को दौरे पर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण करते समय प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लईक उल जमा को दिए।
उन्होंने परचा व दवा काउंटर, ओपीडी, पैथोलॉजी, ब्लड सेंटर, एमएनसीयू, एनआरसी़ इमरजेंसी सहित वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी में छात्र प्रांजल उपचार कराने आया था। डॉ. प्रियंका ने छात्र का हालचाल लेते हुए चिकित्सक को बेहतर उपचार करने का निर्देश दिया। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती गौरीगंज की मालती, विजय लक्ष्मी व विश्राम से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
विजय लक्ष्मी ने बताया कि रात में महिला चिकित्सक नहीं मिलतीं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। इस संबंध में डॉ. प्रियंका मौर्या ने प्रभारी सीएमएस से सवाल किया और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने दीवार पर अस्पताल में तैनात चिकित्सकों के लिखे नंबर पर फोन किया। यहां से स्थानांतरित एक चिकित्सक का फोन नहीं उठा। शेष दोनों चिकित्सकों से उनकी बात हुई।
इसके अलावा गौरीगंज तहसील में आयोजित पोषण पंचायत कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका मौर्या ने बाल वाटिका में बेहतर कार्य करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विद्या रस्म प्रमाणपत्र वितरित करने संग गर्भवतियों की गोद भराई रस्म की। उन्होंने बालिका प्रिंशी शर्मा, बालक लक्ष्य ओझा, जिगर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति, बोल्डी ओझा और शिवकला को प्रमाणपत्र देकर उत्साहवर्धन किया। वहीं महिला राज्य आयोग सदस्य ने तहसील गौरीगंज में जनसुनवाई कर संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, एसडीएम प्रीति तिवारी, तहसीलदार सूरज प्रताप, महिला थानाध्यक्ष कंचन सिंह आदि मौजूद रहीं।