सेंचुरी अपार्टमेंट में आमसभा की बैठक संपन्न, 22 मार्च को होगा चुनाव
बैठक में चुनाव अधिकारियों की घोषणा की गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-100 सेंचुरी अपार्टमेंट में रविवार को आमसभा की बैठक हुई। बैठक में 22 मार्च को चुनाव कराने की सर्वसम्मति से तिथि घोषित की गई और चुनाव अधिकारियों की घोषणा की गई।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि सभी लोगों की सहमति से एडी जोशी, कर्मजीत सिंह ढींगरा और उम्मेद सिंह पवार को चुनाव अधिकारी चुना गया। उन्होंने बताया कि यदि कोई अन्य सदस्य भी अपना नाम चुनाव अधिकारी के रूप में प्रस्तावित करना चाहता है, तो वह अपना नाम दे सकता है। आमसभा में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि 22 मार्च को चुनाव संपन्न कराए जाएं, ताकि अप्रैल माह से नई कार्यकारिणी कार्यभार संभाल सके। बैठक में सभी सदस्यों से मांग की गई कि जिनका मासिक शुल्क या अन्य कोई बकाया है तो ऐसे लोग 10 मार्च तक अवश्य जमा कर दें, ताकि उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और चुनाव में भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के कुछ निवासियों द्वारा डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में शिकायत भी की गई है। पवन यादव के अनुसार, उक्त शिकायतकर्ता स्वयं सेक्टर के सदस्य नहीं हैं, जबकि सेक्टर में हर दो वर्ष में समय से चुनाव होते रहे हैं। उन्होंने बैठक में बताया कि अब तक डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय से इस संबंध में कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। यदि कोई दिशा-निर्देश प्राप्त होता है, तो उसका पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा।
कालातीत घोषित का आरडब्ल्यूए को नहीं मिला पत्र
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि जैसा कि सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है कि आरडब्ल्यूए को कालातीत घोषित किया गया है लेकिन अभी तक आरडब्ल्यूए को ऐसा कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। यदि ऐसा कोई पत्र प्राप्त होता है तो उसका जवाब दिया जाएगा। 31 मार्च को आरडब्ल्यूए का कार्यकाल समाप्त होगा। बैठक के दौरान शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। इसी तनाव के बीच संपन्न हुई बैठक के बाद यह तय हुआ कि 10 मार्च तक आवेदन तय किए जाएंगे।