- सेक्टर-37 के क्षेत्रीय खेल परिसर में हॉकी स्टेडियम बनाने की योजना का विरोध, प्राधिकरण को फिर सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-37 स्थित क्षेत्रीय खेल परिसर मैदान को बचाने की मुहिम अब जेन-जी आंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है। मैदान में हॉकी स्टेडियम बनाने की प्रस्तावित योजना के विरोध में बुधवार सुबह बड़ी संख्या में जेन-जी मैदान में एकत्र हुए और प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। जेन-जी का कहना है कि मैदान में शहर के खिलाड़ी करीब 15 से 20 विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं। ऐसे में मौजूदा खेल गतिविधियों को प्रभावित कर यहां स्टेडियम का निर्माण नहीं कराया जाना चाहिए।
क्षेत्रीय खेल परिसर बचाओ समिति के सदस्य सतेंद्र नागर का कहना है कि मैदान को बचाने के लिए पहले जनप्रतिनिधियों और प्राधिकरण को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। कई सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी समर्थन पत्र लिए गए हैं। इसके बावजूद मंगलवार को प्राधिकरण की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए मैदान में मार्किंग शुरू कर दी गई।