माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर स्कूलों में तैयारी तेज हो गई है। विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के लिए अब विषयवार सैंपल पेपर से अभ्यास कराया जाएगा। इसके माध्यम से छात्रों को परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों के स्वरूप और समय प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही उनकी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने पर भी जोर रहेगा।
सैंपल पेपर हल कराने के साथ ही विद्यार्थियों को उत्तर लिखने का सही तरीका भी बताया जाएगा। इससे उन्हें परीक्षा के दौरान प्रश्नों को समझने और निर्धारित समय में पेपर पूरा करने में मदद मिलेगी। शिक्षक सैंपल पेपर हल कराने के बाद विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी करेंगे, जिससे उनकी तैयारी का स्तर पता चल सकेगा।
सेक्टर 12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ ऋत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों के सैंपल पेपर से तैयारी कराई जाएगी। इससे उन्हें बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र के स्वरूप को समझने और परीक्षा के अनुरूप अभ्यास करने का मौका मिलेगा। सैंपल पेपर के माध्यम से छात्र अपनी तैयारी का आकलन भी कर सकेंगे। जिन विषयों और प्रश्नों में उन्हें परेशानी होगी, उन पर शिक्षकों की ओर से विशेष ध्यान दिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी बेहतर तैयारी के साथ आत्मविश्वास से परीक्षा में शामिल हों।
---------