मोटो जीपी में लॉजिस्टिक प्रबंधन के लिए कोर्स कराएगा जीबीयू
- रोजगार बढ़ाने का होगा प्रयास, इस बार मोटो जीपी में 50 वॉलियंटर देगा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अब मोटो ग्रांड प्रिक्स में युवाओं के लिए रोजगार की राहें खुलने लगी हैं। अंतरराष्ट्रीय बाइक रेस के लिए लॉजिस्टिक प्रबंधन में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय स्थानीय युवाओं और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए लॉजिस्टिक प्रबंधन का शॉर्ट टाइम कोर्स शुरू करेगा। मंगलवार काे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिन्हा ने मोटो जीपी भारत और फेयर स्ट्रीट स्पोर्ट्स के साथ साझा प्रेसवार्ता के दौरान यह घोषणा की। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
22 से 24 सितंबर के दौरान होने जा रही मोटो जीपी रेस में फेयर स्ट्रीट स्पोर्ट्स के फाउंडर एंड चीफ ऑपरेटर अधिकारी पुष्कर नाथ ने बताया, लॉजिस्टिक प्रबंधन के लिए पहले वर्ष लगभग 400 लोगों को कार्य के लिए देश के अन्य स्थानों से बुलाया जाता है। यदि जीबीयू से प्रशिक्षित युवा होंगे तो उन्हें जाॅब ऑफर किया जाएगा। इससे छात्रों को एक नए क्षेत्र में कॅरिअर बनाने का मौका भी मिलेगा। हालांकि, आयोजनकर्ताओं ने जीबीयू से इस वर्ष वॉलियंटर के तौर पर 50 विद्यार्थियों की मांग की है। कुलपति ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंध रखने वाले छात्रों को वालंटियर के तौर पर भेजने का वादा किया।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन होना हमारे लिए गर्व की बात है। पुष्कर नाथ ने बताया कि विश्व भर में मोटो जीपी 49.7 करोड़ लोग देखते हैं। युवाओं में भी मोटर बाइक रेसिंग का क्रेज ज्यादा बढ़ रहा है। यह खेल विश्व के टॉप 10 खेलों में शामिल है।
नई तकनीक सीखने का मिलेगा मौका
प्रबंधन कर्ता कंपनी ने जीबीयू से 40 से 50 वालंटियर भी मांगे हैं। यह प्रबंधन और इंजीनियरिंग सहित अन्य क्षेत्रों के हो सकते हैं। वॉलियंटर्स को सुपर बाइकों की नई तकनीक के बारे में जानकारी मिलेगी।