ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) तेजी से नवाचार और स्टार्टअप का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। स्टार्टअप से लेकर सरकारी व निजी क्षेत्र में जीबीयू के छात्रों की भागेदारी तेजी से बढ़ी है। कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष जीबीयू से अनेक छात्र प्रतिष्ठित कंपनियों में सफलतापूर्वक प्लेसमेंट प्राप्त करते हैं। टीसीएस, एचसीएल, एडवर्ब टेक्नोलॉजीज और माइक्रोसॉफ्ट जैसी प्रमुख कंपनी नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट के लिए आती हैं। इन कंपनियों के आगमन से पूर्व, छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी कराने को इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स की ओर से विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं। विश्वविद्यालय में हर साल लगभग 80 प्रतिशत छात्रों को प्लेसमेंट ऑफर मिलते हैं, जबकि कई छात्र उच्च शिक्षा या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का विकल्प चुनते हैं। जीबीयू का इनक्यूबेशन सेंटर छात्रों के स्टार्टअप आइडियाज को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। अब तक विश्वविद्यालय में 72 स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं। ब्यूरो