हेडिंग: खुलेआम जाम छलकाने वालों पर कसेगा शिकंजा
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद आबकारी विभाग ने चलाया अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए औचक निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। अब खुलेआम जाम छलकाने वालों पर शिकंजा कसने का अभियान शुरू कर दिया गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बृहस्पतिवार रात आबकारी विभाग की टीम ने शहर में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया।
अमर उजाला ने 17 दिसंबर के अंक में ‘कीमत के साथ सुविधा शुल्क दें और रातभर छलकाएं जाम...’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद जिलाधिकारी बीएन सिंह ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए। जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम लगातार रात 10 बजे के बाद शराब ठेकों की जांच कर रही है। अमर उजाला ने खुलेआम शराब पीकर शहर का माहौल बिगाड़ रहे नशाखोरों की समस्या को भी उजागर किया जिसके बाद बृहस्पतिवार रात आबकारी विभाग की टीम ने सेक्टर-18, सेक्टर-27, सेक्टर-22, सेक्टर-58, बिशनपुरा, मोरना में चेकिंग अभियान चलाया। जिला प्रशासन के अनुसार शासन का सख्त निर्देश है कि आबकारी दुकानों का निर्धारित समय से खुलना व बंद होना सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर भी शराब का सेवन करने वालों पर भी कार्रवाई क निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।