संशोधित सहेली का नाम हटाया गया है
मथुरा सहित अन्य के लिए
-------------------
हेडिंग: सामूहिक दुष्कर्म के बाद दलित युवती की हत्या
सबहेड : आरोपी दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस बता रही सड़क हादसे में मौत
पीड़िता अपनी सहेली के साथ आरोपी युवकों के साथ गई थी मथुरा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित युवती की सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही दो युवक व एक युवती पीड़िता को मथुरा ले गए और वहां दोनों युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। विरोध के कारण युवती की जमकर पिटाई भी की गई। युवती को जेवर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने से शनिवार को उसे जीटीबी अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। यहां रविवार सुबह युवती की मौत हो गई। वहीं, पुलिस इस घटना को सड़क हादसे में मौत होने की बात कह रही है। हालांकि, परिजनों की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा साथी युवती की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को दी तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि स्नातक करने के बाद उनकी 20 वर्षीया बेटी नोएडा की सेक्टर-68 स्थित कंपनी में काम कर रही थी। शुक्रवार सुबह नौ बजे रोज की तरह वह ऑफिस के लिए निकली थी। रात को बेटी की सहेली ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनकी बेटी मथुरा में सड़क हादसे में घायल हो गई है और जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल जाकर जब बेटी की हालत देखी तो कहीं से भी सड़क हादसे में घायल नहीं लग रही थी। बेटी के साथ श्याम व सचिन ने सामूहिक दुष्कर्म किया और बुरी तरह पिटाई कर हत्या कर दी।
वहीं, मामले में डीसीपी प्रथम जोन संकल्प शर्मा और डीसीपी क्राइम वृंदा शुक्ला ने बताया कि 17 जनवरी को युवती अपनी एक सहेली और सचिन व श्याम के साथ बाइक से मथुरा घूमने गई थी। देर रात को मथुरा के नौहझील थाना इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर चारों रुके थे, तभी तेज रफ्तार कार ने पीड़िता को कुचल दिया। उसे मथुरा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां सुबह उसकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों से पूछताछ में सड़क हादसे में मौत की बात सामने आई है, लेकिन परिजनों की तहरीर पर हत्या व सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस बारे में पता चलेगा।
----------------
परिजनों ने किया थाने में किया हंगामा
रविवार सुबह युवती की मौत होने के बाद काफी संख्या में परिजन व गांव के लोग कोतवाली सेक्टर-49 पहुंच गए। यहां पुलिस पहले टालमटोल करने लगी तो परिजनाें ने थाने में हंगामा कर दिया। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजन शांत हुए। जब मामला मीडिया तक पहुंचा तो शाम को सेक्टर-6 में डीसीपी प्रथम जोन संकल्प शर्मा व डीसीपी क्राइम वृंदा शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस की।
----------------------------
डीसीपी ने पीड़िता के पिता का नाम लिया
सेक्टर-6 में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस संवेदनशील मामले में असंवेदनशीलता दिखाई। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीसीपी संकल्प शर्मा ने पीड़िता के पिता का नाम ले लिया। इससे युवती की पहचान उजागर हो गई। जबकि दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की पहचान छिपाए रखने का कोर्ट का आदेश है।
--------------
कमिश्नरी सिस्टम में पहली बड़ी घटना से मचा हड़कंप
नोएडा में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम शुरू होने के बाद इस पहली बड़ी घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। कमिश्नरी सिस्टम शुरू होने के पहले हुई सेल्स मैनेजर गौरव चंदेल हत्याकांड का अब तक खुलासा भी नहीं हुआ है और यह बड़ी घटना हो गई। रविवार के छुट्टी वाले दिन पुलिस महकमे के अधिकारियों के बीच अफरातफरी मची रही।
------------------
नोएडा पुलिस ने घटनास्थल का किया मुआयना
यमुना एक्सप्रेसवे के जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है। वह मथुरा के नौहझील इलाके में है। रविवार को नोएडा पुलिस की टीम मौके पर जाकर मुआयना किया। वहां फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने नमूने लिए। पुलिस की टीम जेवर के कैलाश अस्पताल और दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भी गई। अस्पताल के डॉक्टरों से पुलिस की टीम ने बातचीत की और पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ डॉक्टरों की बात कराई।