---
संभल , दिल्ली समेत अन्य संस्करणों के ध्यानार्थ
--
फोटो --
नहर में गिरी कार, पानी में डूबने से छह की हुई मौत
- कोहरे में मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, बिलासपुर के खेरली नहर में हुआ हादसा
- गृह प्रवेश में शामिल होने के लिए संभल से दिल्ली जा रहा था परिवार
- कार में 11 लोग थे सवार, पीवीआर पर तैनात पुलिसकर्मी ने बचाई पांच की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर/बिलासपुर।
रविवार देर रात घने कोहरे बीच बिलासपुर स्थित खेरली नहर मोड़ के पास संतुलन बिगड़ने से अर्टिगा कार नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार संभल निवासी 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतक रिश्तेदार थे और गृह प्रवेश में शामिल होने के लिए संभल से दिल्ली जा रहे थे। पीवीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने डूब रहे पांच लोगों को निकालकर नजदीक केे अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में संभल निवासी मल्लू (70), महेश (40), नीरेश (17), नेत्रपाल, राम खिलाड़ी (70) और किशनलाल (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
संभल निवासी मल्लू के बेटे दिल्ली के मीठापुर में रहते हैं। उनके बेटों ने नया मकान खरीदा था। सोमवार तड़के गृह प्रवेश होना था। इसमें शामिल होने के लिए मल्लू परिवार के सदस्यों महेश, किशनलाल नीरेश, राम खिलाड़ी और नेत्रपाल समेत 11 लोग एक अर्टिगा कार में सवार होकर संभल से रविवार देर शाम दिल्ली के लिए निकले थे। पीछे से आर रही एक अन्य कार में अन्य परिजन सवार थे।
रात को कोहरा अधिक होने के चलते विजिबिलिटी काफी कम थी। रविवार रात करीब 11:30 बजे उनकी कार दनकौर क्षेत्र के बिलासपुर स्थित खेरली नहर मोड़ से होते हुए ग्रेटर नोएडा की तरफ मुड़ी। उसी दौरान कार संतुलन बिगड़ने से कार नहर में गिर गई।
दूसरी कार में आर रहे परिजनों को किया फोन
नहर में गिरने के बाद कार सवार लोगों ने पीछे से दूसरी कार में आ रहे परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। परिजन तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। उसी वक्त खेरली नहर पास मौजूद पीवीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों गश्त करते वहां पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिसकर्मियों को जानकारी दी। पीवीआर पर तैनात एक पुलिसकर्मी तुरंत नहर में कूदा और अन्य लोगों की मदद से डूब रहे पांच लोगों की जान बचाई। बाद में पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बयान
घने कोहरे में खेरली नहर के पास तीव्र मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार नहर के पानी में जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। - अखिलेश प्रधान, कोतवाली प्रभारी, दनकौर