- शायला भाटी के चार स्वर्ण समेत तैराकों ने जीते कई पदक, लखनऊ में लहराया जिले का परचम
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित यूपी स्टेट सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में गौतमबुद्ध नगर के तैराकों ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। महिला वर्ग में शायला भाटी प्रतियोगिता की सबसे सफल तैराकों में रहीं। उन्होंने 100 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीतकर चार गोल्ड अपने नाम किए।
पुरुष वर्ग में अयान विश्नोई ने कांस्य पदक जीता -
वहीं शार्वी वर्मा ने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक हासिल किया। भाविका चौधरी ने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में रजत तथा 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता। सानवी भारी ने 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक जीतकर जिले के लिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए। उत्सा गंगवार ने 100 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक अपने नाम किया। सिदाक कौर ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में अयान विश्नोई ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता। वहीं वेदांत चंद्रा ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले के प्रदर्शन को मजबूती दी।
जिला तैराकी संघ के सचिव और वरिष्ठ कोच सुरेश देशवाल ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन प्रदर्शन किया। लगातार शानदार नतीजों के दम पर गौतमबुद्ध नगर अंक तालिका में शीर्ष पर रहा और ओवरऑल चैंपियन बनने में सफल रहा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।