संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में प्रबंधन विभाग की ओर से मंगलवार को विद्यार्थियों की विज्ञापन निर्माण प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में बीबीए द्वितीय वर्ष की गौरी की टीम ने पहला, बीबीए द्वितीय वर्ष की साक्षी की टीम ने दूसरा और बी.कॉम द्वितीय वर्ष की सान्या की टीम ने तीसरा स्थान पाया।
प्रतियोगिता विद्यार्थियों में रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करवाई गई। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के उत्पादों पर वीडियो विज्ञापन बनाएं और बैग, लिप बाम, जूते, चाॅकलेट इत्यादि बेचने का प्रयास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. करुणा ने किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता की प्रवृत्ति का विकास होता है। उनके संचार कौशल में सुधार होता है, जिससे वे अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सीखते हैं। वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा गुप्ता व प्रो. शीतल निर्णायक की भूमिका में रहे। कार्यक्रम संयोजक प्रो. हिना ने विद्यार्थियों को मेहनत व क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम प्रो. रक्षा की देखरेख में हुआ।