- फोटो
- वितरण प्वाइंटों तक पहुंचने लगे सिलिंडर, केवाईसी की समस्या से नहीं राहत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टरों में बनाए गए वितरण प्वाइंटों तक अब सिलिंडर पहुंचने लगे हैं। इस वजह से एजेंसियों के बाहर लगने वाली लंबी कतार कम होने लगी है। सुबह से लाइन लगाने के बजाय अब घर के नजदीक ही सिलिंडर पहले की तरह मिलने लगा है। हालांकि कुछ एजेंसियों ने वितरण व्यवस्था बहाल नहीं की है। उनके उपभोक्ताओं को अब भी कतार लगानी पड़ रही है। एलपीजी गैस किल्लत से अब कुछ हद तक राहत मिली है। शुरुआती दिनों में जैसी स्थिति थी वो अब खत्म होने लगी है। एजेंसियों पर अब लंबी कतार नहीं लग रही है। साथ ही बुकिंग के कुछ दिनों के बाद ही सिलिंडर लोगों तक पहुंच रहा है। एजेंसियोंं ने ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है। ताकि भीड़ को कम किया जा सके। हालांकि अभी पूरी तरह से हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। पर्थला स्थित गैस एजेंसी पर पहुंचे सेक्टर 22 के रहने वाले नासिर खान को गलत केवाईसी के कारण रोजाना चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऐसे ही सेक्टर 66 स्थित गैस एजेंसी के उपभोक्ता अभिषेक सिंह ने बताया कि कनेक्शन में गलत नंबर लिंक कर दिया गया है। अब बुकिंग में दिक्कत आ रही है। एजेंसी के चक्कर काटते हुए पंद्रह दिन बीत गए लेकिन सिलिंडर नहीं मिल सका। उधर गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि अधिकांश लोगों को सिलिंडर वितरण करने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। कुछ लोगों के अकाउंट में दिक्कतें होने से वितरण नहीं हो पा रहा है।