ग्रेटर नोएडा के अंसल प्लाजा पुलिस चौकी के पास लगा कूड़े का ढेर। संवाद
-प्लास्टिक खाने को मजबूर बेजुबान, नियमित सफाई न होने से बढ़ा बीमारी का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। अंसल प्लाजा पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे पिछले कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा है। इसमें प्लास्टिक, डिस्पोजल, गन्ने का वेस्ट और पॉलीथीन पड़ा है। कूड़े में आवारा गायें प्लास्टिक खाने को मजबूर हैं। इससे उनके स्वास्थ्य और जान पर खतरा बना हुआ है।
परी चौक मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और पुलिस चौकी होने के कारण यह शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। रोजाना हजारों लोग यहां से गुजरते हैं, लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। कूड़े से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण राहगीरों, ऑटो चालकों और आसपास के लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। राहगीर राजेश ने बताया कि वह इसी रास्ते से पैदल कार्यालय जाते हैं। कूड़े से आने वाली बदबू के कारण काफी परेशानी होती है। लोगों ने प्राधिकरण से जल्द सफाई कराने और नियमित कूड़ा उठवाने की मांग की है।