बाइक बोट के महाठगों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट
ग्रेटर नोएडा। अरबों के फर्जीवाड़े को अंजाम देने वाले बाइक बोट कंपनी के आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लग सकता है। वहीं, मामले की जांच के लिए पुलिस सीबीआई को भी पत्र लिख सकती है। मंगलवार को आंदोलनरत निवेशकों ने जिलाधिकारी बीएन सिंह से मुलाकात की। इस पर डीएम ने फोन पर एसएसपी से वार्ता की और मामले को गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।
दादरी के कोट गांव स्थित बाइक बोट के दफ्तर परिसर में लगभग ढाई माह से आंदोलन कर रहे निवेशक मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। निवेशक दीपक चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी शिकायत को गंभीरता से सुना। निवेशकों ने इस मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व सीबीआई जांच की मांग की है। इसके बाद डीएम ने एसएसपी से फोन पर बात की और कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए। जरूरत हो तो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जाए। पुलिस मामले की गंभीरता और बड़े फर्जीवाड़े को देखते हुए पहले ही ईडी को पत्र लिख चुकी है। वहीं, पुलिस के पत्र लिखने के बाद ईडी ने केस दर्ज भी कर लिया है। ऐसे में संभावना है कि पुलिस जल्द इस मामले में डीजीपी को पत्र लिखकर जांच सीबीआई से कराने की मांग करे। शिकायत करने वालों में अरविंद मित्तल, दीपक चौधरी, त्रिवेंद्र मलिक, सुशील कुमार, विनोद कुमार, मनीष यादव आदि मौजूद रहे।
बाइक बोट के निवेशक अपनी शिकायत लेकर आए थे। उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई के लिए एसएसपी से बात की गई है। आवश्यकता हुई तो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।
- बीएन सिंह, जिलाधिकारी