- 10 नवंबर तक गाजियाबाद के प्रताप विहार प्लांट पहुंचेगा पानी, इसके बाद शुरू होंगे प्लांट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के लोगों को पानी की किल्लत से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो 14 नवंबर से नोएडा में गंगाजल मिश्रित पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू हो जाएगी। गंगनहर की सफाई के चलते 20 अक्तूबर से गंगाजल की आपूर्ति बंद है। इससे शहर के कई सेक्टरों में पानी का संकट बना हुआ है। कम प्रेशर के कारण लोगों को रोजाना एक से दो घंटे ही पानी मिल पा रहा है।
गंगनहर की सफाई पूरी हो चुकी है और हरिद्वार से पानी छोड़ा जा चुका है। उम्मीद है कि 10 नवंबर तक पानी गाजियाबाद के प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट तक पहुंच जाएगा। इसके बाद प्लांटों का संचालन शुरू होगा। शुरुआत में एक दिन के अंतराल पर प्लांट चलाए जाएंगे। वहां से गंगाजल नोएडा पहुंचेगा। भूमिगत जलाशयों में पर्याप्त पानी भरने के बाद शहर में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
हरिद्वार में हर साल दशहरा से दिवाली तक गंगनहर की सफाई की जाती है। इस दौरान नहर से पानी की आपूर्ति बंद रहती है। गाजियाबाद के प्लांटों के जरिये ही हरिद्वार से गंगाजल नोएडा पहुंचता है। फिलहाल नोएडा में प्रतिदिन करीब 45 करोड़ लीटर रोजाना (450 एमएलडी) पानी की मांग है। नोएडा को 137.5 क्यूसेक यानी 27 करोड़ लीटर रोजाना (270 एमएलडी) गंगाजल मिलता है। इसमें रेनीवेल और ट्यूबवेल का पानी मिलाकर शहर में आपूर्ति की जाती है। नोएडा प्राधिकरण के जीएम आरपी सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों में शहर में गंगाजल मिश्रित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
नंबर
27 करोड़ लीटर रोजाना गंगाजल मिलेगा
45 करोड़ लीटर रोजाना है पेयजल की मांग