ओडिशा से गांजा लाकर एनसीआर में सप्लाई करने वाले गैंग का खुलासा
कोतवाली फेज-2 पुलिस ने तीन तस्करों को पकड़ा, 1 क्विंटल 82 किलो गांजा बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ओडिशा से गांजा लाकर एनसीआर में सप्लाई करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली फेज-2 पुलिस ने सीआरटी के साथ तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से 40 लाख रुपये कीमत का एक क्विंटल 82 किलो से अधिक गांजा और आइसर कैंटर बरामद किया गया है।
सेंट्रल नोएडा जोन के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस व सीआरटी की टीम गांजे की तस्करी करने वाले गिरोह पर काम कर रही थी। इसी क्रम में कोतवाली फेज टू पुलिस की टीम ने शुक्रवार को कुलेसरा स्थित निम्मी विहार पुस्ता से तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर आइसर कैंटर बरामद किया गया है। कैंटर में बोरियों में रखा एक क्विंटल 82 किलो 350 ग्रांम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तीनों तस्करों की पहचान मेरठ के रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर निवासी अजय कुमार, हरियाणा के गुरुग्राम के डुंडाहेड़ा निवासी नीरज वत्स और जिला बिजनौर के बड़ापुर गांव निवासी हिमांशु जाटव के रूप में हुई है। अजय कुमार पांचवीं, नीरज सातवीं और हिमांशु अशिक्षित है। पूछताछ में पता चला कि ये लोग ओडिशा से सस्ते दामो में गांजा खरीदकर कैंटर गाड़ी में चोरी छिपे लेकर आते थे। दिल्ली-एनसीआर में तस्करों को ऊंचे दाम पर बेच देते थे। पुलिस इनके अन्य साथियों के बारे में भी पता लगा रही है। तस्करों को पकड़ने वाली टीम को डीसीपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है।
पुड़िया बनाकर करते थे गांजे की सप्लाई
पूछताछ में पता चला है कि यह तस्कर कैंटर में गांजा भरकर लाते थे और पुड़िये में गांजा बेचने वालों को सप्लाई करते थे। एनसीआर में नशे के आदी लोगों को गांजा बेचते थे। आरोपी अपने साथी सोनू उर्फ मोहम्मद सादाब और जेपी नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर अवैध गांजे को ओडिशा से लाते थे और अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाते थे। आरोपी पुलिस से बचने के लिए आपस में कोड वर्ड में बात करते थे। इस गिरोह का सरगना अजय कुमार है। अजय के खिलाफ मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। अजय शराब तस्करी के आरोप में वर्ष 2018 में गिरफ्तार भी हो चुका है। इसके खिलाफ कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। नीरज के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं।