- दिल्ली में कई स्थानों पर इकाई स्थापित करके कर रहे थे निर्माण
-30 लाख रुपये की कई ब्रांड की सिगरेट बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नकली सिगरेट व टूथपेस्ट आदि के निर्माण व ब्रिकी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों ओणम जैन उर्फ ओम उर्फ महावीर जैन, शिवा उर्फ शिवा कुमार, सुरेंद्र बंसल, मनोज कुमार गुप्ता, दीपक उफ दीपू और मनीष जैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली के रोहिणी, बवाना और माजरी कराला में तीन परिसरों में छापे मारकर 30 लाख रुपये की कीमत की ईनो, सेंसोडाइन और गोल्ड फ्लैक आदि ब्रांडों की नकली सिगरेट बरामद की हैं। मशीनरी व पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई हैं।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष हंदौरा ने बताया कि शाखा की एनआर-१ में तैनात एसीपी अशोक शर्मा व इंस्पेक्टर अजय गहलावत नकली ईएनओ, सेंसोडाइन और गोल्ड फ्लेक सिगरेट के बारे में विशेष सूचना मिलने के बाद 6 अगस्त को विजय विहार फेज-1 रोहिणी, केला घाट मार्ग और कश्मीरी गेट में छापेमारी की गई। यहां से काफी मात्रा में नकली ईएनओ, सेंसोडाइन और गोल्ड फ्लेक सिगरेट बरामद की गईं। इसके बाद गांव मोहम्मदपुर माजरी-कराला में 10 अगस्त और सेक्टर-3, बवाना में 11 अगस्त को निमार्ण इकाईयों में छापेमारी की गई। यहां मशीनरी, फिलिंग/मिश्रण मशीनें और नकली उत्पादों का बड़ा भंडार जब्त किया गया।
इसके बाद सबसे पहले राजेंद्र नगर, साहिबाबाद, जिला-गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी ओणम जैन उर्फ ओम उर्फ महावीर जैन (28) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने वर्ष 2022 से नकली ईनो और सेंसोडाइन की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की बात कबूल की। इससे पूछताछ के बाद पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी पकड़ा गया था ओणम
12वीं कक्षा पास ओणम जैन उर्फ ओम पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है। वह नकली/डुप्लिकेट ईनो और सेंसोडाइन टूथपेस्ट की भी सप्लाई करता था। सुरेंद्र बंसल ने स्नातक किया हुआ है। वह नकली ईनो के नकली उत्पादों की निर्माण इकाई में 2022 से अप्रैल-2025 तक कार्यरत रहा है। समयपुर बादली, दिल्ली का निवासी आरोपी मोहम्मदपुर माजरी-कराला, दिल्ली से निर्माण इकाई को चला रहा था। शिवा नवंबर-2024 से सेक्टर-3, बवाना में नकली उत्पादों की निर्माण इकाई में लगा हुआ है। जयपुर, राजस्थान निवासी मनोज कुमार गुप्ता नकली/डुप्लीकेट माल बेचता था। विजय विहार, फेज़-1, रोहिणी दिल्ली निवासी दीपक उर्फ दीपू (38) नकली/डुप्लीकेट ईनो और गोल्ड फ्लेक सिगरेट की सप्लाई करता था। जबकि, कैलाश नगर, दिल्ली निवासी मनीष जैन (45) नकली/डुप्लीकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट का खरीदार था।