-आरोपी राजेश भाई खिमजी और तहसीन रजा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तीस हजारी कोर्ट ने शनिवार को मुख्यमंत्री पर हमले का मामला आगे की कार्यवाही के लिए सत्र न्यायालय को भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी सकारिया राजेश भाई खिमजी और सैयद तहसीन रजा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। सुनवाई की अगली तारीख 10 नवंबर है।
अगस्त में अपने सरकारी आवास पर जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर कथित हमले के बाद सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कार्तिक तापड़िया ने मामले को आगे की कार्यवाही के लिए सत्र न्यायालय को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और आगे की कार्यवाही सत्र न्यायालय में होगी, क्योंकि कथित अपराधों की सुनवाई सत्र न्यायालय द्वारा की जा सकती है। दिल्ली पुलिस ने एफआईआर में हत्या का प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र व अन्य धाराएं लगाई थीं। दिल्ली पुलिस द्वारा एक मेडिकल रिपोर्ट भी दाखिल की गई थी, जिसमें उल्लेख किया गया था कि आरोपी की जेल के डॉक्टर द्वारा जांच की गई थी और उसे दवा दी जा रही हैं।