तहसील के निकट गांव जखैरा स्थित फर्नीचर की दुकान में सोमवार शाम भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जल गया। आग पर दमकल की गाड़ी ने बमुश्किल काबू पाया।
गांव जखैरा निवासी विनोद लोधी का तहसील रोड पर लॉज है। लॉज के बाहर बनी दुकान में उनकी र्नीचर की दुकान है। सोमवार शाम करीब 7.30 बजे उनकी फर्नीचर दुकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। विनोद लोधी ने बताया कि फर्नीचर की दुकान में कुर्सी, मेज, गद्दा, बेड, अलमारी, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान आदि जलने से करीब 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। विनोद लोधी ने कहा कि दुकान में बिजली नहीं है, ऐसे में शाॅर्टसर्किट से लगना संभव नहीं है। उन्होंने रंजिशन दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। एफएसओ विजेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर काबू कर लिया गया है। नुकसान का आकलन किया जाएगा। आग लगने के कारणों का भी पता किया जा रहा है।