शहर में युवती समेत दो लोगों ने की आत्महत्या
नोएडा। शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवती समेत दो लोगों ने आत्महत्या कर ली। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव में ओडिशा की 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, फेज-2 थाना क्षेत्र के गेझा गांव में 38 वर्षीय सब्जी विक्रेता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, सब्जी विक्रेता पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी के कारण तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी मनोरमा कुछ महीने पहले ही नोएडा आई थी। वह वाजिदपुर गांव में किराये के मकान में अपने भाई और भाभी के साथ रहती थी तथा सिलाई का काम करती थी। सोमवार शाम उसके भाई-भाभी घर पहुंचे तो कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना गेझा गांव की गली नंबर पांच में हुई। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी गरीबनाथ साहू यहां किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। वह मंडी से सब्जियां लाकर बेचते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। मंगलवार शाम उनकी पत्नी और बच्चे मेला देखने गए थे। घर लौटने पर उन्होंने गरीबनाथ को कमरे में फंदे से लटका पाया। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि दोनों दोनों घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ।