नकली स्क्रीन शॉट भेजकर पिता पुत्री के साथ 1.78 लाख की ठगी
- क्लाइंट बताकर ठगी को दिया अंजाम, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने नकली स्क्रीन शॉट भेजकर पिता- पुत्री से 1.78 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाज ने फोन कर क्लाइंट का बेटा बताकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 100 निवासी नूपुर शुक्ला ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके पिता विजय कुमार शुक्ला वकील हैं। पिता के पास 14 जुलाई को एक कॉल आई और युवक ने खुद को उनके क्लाइंट शर्मा का बेटा होने की बात कही। उसने कहा कि केस के लिए आपको 3 हजार रुपये भेजे, इसके तुरंत बाद कॉल कर बताया कि गलती से 3 की जगह 30 हजार रुपये चला गया। इसका एक स्क्रीन शॉट भी भेज दिया। वकील ने स्क्रीन शॉट मिलने के बाद 27 हजार रुपये उसे वापस कर दिए। इसके बाद जालसाज ने पीड़ित और उनकी बेटी को बातों में उलझाकर 3 बार में 84 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
यहीं नहीं पीड़ितों ने रुपये कटने की बात कही तो ठग ने उन्हें रुपये वापस करने के लिए बैंक अकाउंट के बारे में जानकारी मांगी और फिर से 54 हजार रुपये निकाल लिए और बाप बेटी से कुल मिलाकर 1 लाख 78 हजार ठगी कर ली। इसके बाद संपर्क तोड़ लिया। इसी दौरान एक शख्स ने वकील को कॉल कर खुद को अशोक शर्मा के रूप में बताया और कहा कि गलती से मेरे बेटे के खाते में रकम ट्रांसफर हो गया है। जालसाजों ने यह फोन इसलिए किया ताकि पीडि़त तुरंत पुलिस से शिकायत तक अकाउंट फ्रीज न करा दे। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि पूरी रकम यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।