-परिवार ने निजी लैब के खिलाफ सीएमओ की दी शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर- 49 बरौला स्थित निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर इलाज करवाने आए युवक को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टर ने दिल्ली सफदरजंग रेफर कर दिया है। वहीं युवक की मां ने डीएम, सीएमओ को डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर 49 निवासी प्रतिभा ने सीएमओ को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे शिवम सिंह की आंख का दिल्ली से इलाज चल रहा था। डॉक्टर की सलाह पर 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह सेक्टर 49 के बरौला स्थित निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर इलाज कराने गया था। आरोप है कि जांच के दौरान स्टाफ ने शिवम के हाथ में इंजेक्शन लगाया और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। शिवम की तबीयत बिगड़ती देख स्टाफ ने दूसरे हाथ में भी इंजेक्शन लगाने का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों ने रोक दिया। परिजनों का आरोप है कि सेंटर पर मौजूद स्टाफ से इस संबंध में शिकायत की गई तो अन्य स्टाफ ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इसके बाद वह बेटे को लेकर रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां पर गंभीर स्थिति देखते हुए मरीज को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।