- बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई, 10 हजार का ईनाम था घोषित
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर व्यापारी से 1.38 करोड़ कीमत की चांदी लूट की वारदात में फरार चल रहे ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। जबकि इसके 5 साथियों को 5 अगस्त को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि चार आरोपियों ने हथियार के बल पर 2 जुलाई की सुबह 4 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर चांदी व सोना से भरा हुआ बैग लूटने की वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद सभी आरोपी जुनैदपुर गांव के पास मिले और लूटा हुआ माल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने एक माह बाद घटना का खुलासा कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से 635 ग्राम सोना और करीब 12.138 किग्रा चांदी व अन्य सामान बरामद किया था। घटना में एक आरोपी सुखबीर निवासी नंगला डेरी नजफगढ़ दिल्ली फरार चल रहा था। उस पर 10 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। बुधवार को सुखबीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने कर्ज उतारने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।