जमीन का बैनामा करने के नाम पर 65 लाख हड़पे
रबूपुरा। जमीन का बैनामा करने के नाम पर 65 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस के साथ-साथ उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मूलचंद, राकेश, प्रशांत, कुलदीप, कमलेश दत्त मिश्रा, कृतिका चौधरी, ललिता यादव, पवन कुमार व रविंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।
भीकनपुर गांव निवासी नितिन कुमार त्यागी ने आरोप लगाया कि उसने ताऊ मूलचंद से 15 अक्तूबर 2014 को गांव की करीब 20 बीघा जमीन का 50 लाख रुपये में सौदा किया था। बतौर बयाना 30 लाख रुपये भी दिए थे। आरोप है कि 13 फरवरी 2020 को गांव म्याना और भौयरा में मूलचंद की अन्य 10 बीघा जमीन का सौदा 45 लाख में किया गया था। जिसका नितिन ने 35 लाख एडवांस भी दे दिया। पीड़ित का कहना है कि दोनों परिवारों और अन्य लोगों के सामने सौदा किया गया था साथ ही 65 लाख रुपये भी दिए गए। लेनदेन का स्टांप पेपर पर लिखित ब्योरा भी है। एडवांस देने के बाद सभी की सहमति से मूलचंद ने 30 अक्तूबर 2020 को जमीन की रजिस्ट्री करने का वादा किया था। मूलचंद ने साथियों के साथ मिलकर उक्त भूमि 1 सितंबर को बेच दी। पीड़ित को नौ सितंबर को इसका पता चला।