संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कपालमोचन में लगने वाले राज्य स्तरीय मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क यात्री निवास की सुविधा मिलेगी। यात्री निवास में श्रद्धालु बिना शुल्क के ठहर सकेंगे। मेला प्रशासन की ओर से सूरजकुंड के पास यात्री निवास बनाया गया है।
कपालमोचन मेले में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अनेक धर्मशाला व धार्मिक स्थल हैं, लेकिन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में होती है। ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है। मेले में श्रद्धालुओं को सूरजकुंड के साथ साथ सरोवरों के समीप भी निशुल्क यात्री निवासी बनाए जाने की योजना बनाई जा रही है। यात्री निवासी में श्रद्धालुओं को फोन चार्जिंग के पॉइंट भी उपलब्ध होंगे।
मेला में यात्रियों की सुविधा के लिए महिलाओं व पुरुषों के लिए 600 शौचालयों का निर्माण करवाया जाएगा । जिसमें 500 अस्थाई शौचालय कपालमोचन मेला क्षेत्र व 100 स्थाई शौचालय कपालमोचन क्षेत्र व श्री आदि बद्री क्षेत्र में बनाए गए है। इस वर्ष स्थाई शौचालयों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। मेला क्षेत्र में आने वाले आश्रम, धर्मशाला व मंदिर संचालकों को भी स्थाई शौचालय बनाने के लिए कहा गया है।
मेला क्षेत्र में कपालमोचन बस स्टैंड के समीप , मोगा धर्मशाला के समीप , झूला परिसर के समीप, चौराही जाने वाले मार्ग के समीप, आदिबद्री की ओर से जाने वाले मार्ग पर अस्थाई शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा।
मेला प्रशासक एवं एसडीएम जसपाल सिंह गिलने बताया कि कपालमोचन मेले के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु श्री आदि बद्री श्री केदारनाथ व मां मंत्रा देवी मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचते है। श्री आदि बद्री जाने के लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था की जाऐगी। जिसके लिए कपालमोचन मार्ग पर राजकीय स्कूल अहड़वाला के समीप अस्थाई बस स्टैंड बनाया जाएगा।
सरोवरों में पानी भरने का काम किया शुरू
मेला प्रशासक गिल ने बताया कि कपालमोचन क्षेत्र में स्थित ऋण मोचन ,सूरजकुंड सरोवर व कपालमोचन सरोवर की सफाई करवा पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सरोवरों में आगामी दो से तीन दिन में पूरी तरह से पानी भर जाएगा। वहीं, मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क दवाइयों को उपलब्ध करवाया जाएगा। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग व आयुष विभाग के द्वारा मेले के आयोजन से दो दिन पूर्व, मेले के दौरान व मेले के दो दिन बाद तक कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा।
श्री आदि बद्री केदारनाथ मंदिर क्षेत्र में चिकित्सकों की एक टीम 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में लगेगी।
कपालमोचन मेले की तैयारी के लिए सरोवर की सफाई करते मजदूर। संवाद