-2.16 करोड़ के भांग निवेश घोटाले में फरार चल रहा था आरोपी
-मामला दर्ज होने के बाद परिवार के साथ भाग गया था कनाडा
-पुलिस ने लुक आउट कॉनर जारी किया था, पूछताछ जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आर्थिक अपराध शाखा ने एक औद्योगिक भांग परियोजना में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर एक कंपनी से 2.16 करोड़ की ठगी करने जालसाज रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है। पीड़ित कंपनी आइस ड्रीम ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने 2021 में आरोपी के खिलाफ शाखा में शिकायत की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी परिवार के साथ कनाडा भाग गया था।
शाखा की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमृता गुगुलोथ ने बताया कि 27 दिसंबर 2021 में आइस ड्रीम ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक करण भाटिया ने शाखा में शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेम्प एसोसिएशन (आईआईएचए) के अध्यक्ष रोहित शर्मा ने आकर्षक व्यावसायिक अवसरों और लाइसेंस व परामर्श सहायता का आश्वासन देकर उनकी कंपनी को एक औद्योगिक भांग परियोजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उनकी बातों पर यकीन करते हुए आइस ड्रीम ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने आईआईएचए के साथ समझौते किए और 2.16 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे आईआईएचए को हस्तांतरित की। समझौतों के बावजूद शर्मा ने शिकायतकर्ता कंपनी को कच्चे माल (भांग) की आपूर्ति नहीं की।
-
जर्मनी के एक कार्यक्रम में लिया ज्ञान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 44 साल का रोहित शर्मा साउथ एंड फ्लोर्स सोहना रोड सेक्टर-49 गुरुग्राम हरियाणा का रहने वाला है। उसने अपनी स्कूली शिक्षा गुरुग्राम में प्राप्त की और बाद में वाणिज्य प्रबंधन पाठ्यक्रम में दाखिला लिया, लेकिन दूसरे वर्ष में ही उसे छोड़ दिया। 2010 में वह कोलोन जर्मनी गया, जहां उसने औद्योगिक भांग पर एक कार्यक्रम में भाग लिया और इस क्षेत्र में ज्ञान प्राप्त किया।