चिलकाना। ग्राम टोडरपुर स्थित शाकंभरी शुगर मिल प्रबंधन पर किसानों के साथ धोखाधड़ी एवं भुगतान न करने के मामले में प्रबंध निदेशक सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार को सहकारी गन्ना समिति बेहट के सचिव देवेंद्र कुमार ने थाना चिलकाना में मिल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि टोडरपुर स्थित शाकंभरी शुगर एंड एलाइड इंडस्ट्री ने पेराई सत्र के दौरान किसानों से गन्ना खरीदा था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि किसानों का मिल पर 30 करोड़ 88 लाख रुपये तथा लाखों रुपया सहकारी समिति का बकाया है। इस बारे में जिला गन्ना अधिकारी और गन्ना उपयुक्त ने मिल भी प्रबंधन को मौखिक रूप से कहा गया तथा कई बार नोटिस भेजा गया। जिलाधिकारी ने भी भुगतान के आदेश दिए थे। इसके बावजूद मिल प्रबंधन ने किसानों का पैसा नहीं चुकाया।
देवेंद्र कुमार की तहरीर पर मिल के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, अध्यासी शिरीश कुमार बोधियान, प्रधान प्रबंधक वित्त अश्वनी कुमार तथा उपाध्यक्ष अजय कुमार खंडेलवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।