महिला चिकित्सक से 8.79 लाख की ठगी
नोएडा। घर बैठे पार्ट टाइम काम कर लाखों रुपये कमाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने महिला चिकित्सक के साथ 8.79 लाख रुपये की ठगी कर ली। निवेश पर मुनाफा होने की बात कहकर जालसाजों ने खाते में रकम ट्रांसफर कराई। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने की टीम ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सेक्टर-39 निवासी डॉ. निदा चौधरी ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। जिसमें पार्ट टाइम नौकरी कर लाखों कमाने की बात कही गई। दिए गए नंबर पर कॉल करने पर फोन उठाने वाले जालसाज ने चिकित्सक को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। पहले चरण में यू-ट्यूब वीडियो को लाइक करने का काम दिया। इसके बदले में बतौर मुनाफा मामूली रकम महिला के खाते में ट्रांसफर कर दी। प्रीपेड टास्क के बहाने महिला से कई बार में कुल 8.79 लाख रुपये निवेश कराए गए। जब महिला पर और रकम निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तो उसे ठगी की आशंका हुई। जानकारी करने पर पता चला कि मुनाफे की रकम सिर्फ संबंधित वेबसाइट पर दिख रही थी खाते में नहीं थी। जालसाजों ने महिला को टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर मोबाइल नंबर बंद कर दिया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रीता यादव के मुताबिक मामले की जांच जारी है। । ब्यूरो