न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज में निवेश कराने का झांसा देकर 34.50 लाख ठगे
- यू-ट्यूब पेज लाइक और साझा करने का लालच देकर युवती से की जालसाजी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेटर नोएडा निवासी युवती को न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज में निवेश कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 34.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने युवती को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर वारदात की। ग्रेनो की ट्रइडेंट एंबेसी सोसाइटी निवासी वंशिका अरोड़ा की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में वंशिका ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके पास पूजा नाम की युवती का व्हाट्सएप पर मैसेज आया था। पूजा खुद को निजी कंपनी की एचआर सहायक बता रही थी। पूजा ने वंशिका को अपनी कंपनी में फ्री लांसिंग काम का ऑफर किया। जिसमें टास्क के आधार पर पैसे मिलने की बात कही गई। जिस प्रकार से वह टास्क को पूरा करती जाएगी उनका फायदा बढ़ता ही जाएगा। इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। यहां पर कुछ दिन तक यू-ट्यूब चैनल और कंपनियों के पेज को लाइक और शेयर करने का टास्क दिया गया। इसे पूरा करने पर उन्हें पैसे मिले। जिसके बाद उन्हें कई प्रीमियर टास्क दिए गए। कुछ दिन बाद जालसाजों ने सीधा ही न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज में निवेश कराने की बात कर उनसे कुल 34.50 हजार रुपये ठग लिए। जब उन्होंने अपने रुपये उनसे वापस मांगे इस दौरान उनको टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया गया। थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि मामले में युवती की दी गई शिकायत को दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।