- आरोपी एजेंट उत्तम नगर में चला रहा था कार्यालय, हुआ फरार
- 20 लोगों से 3-3 लाख रुपये लेने की बात आई सामने, केस दर्ज
राजीव कुमार
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके के उत्तम नगर में पोलैंड का वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग कर एक एजेंट के फरार होने का मामला सामने आया है। अब तक की जांच में एजेंट द्वारा 20 लोगों से करीब 60 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आ चुकी है। पीड़ितों की शिकायत पर बिंदापुर थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोप की तलाश में दबिश दे रही है।
गुरुग्राम के सेक्टर-30 निवासी पीड़ित राकेश कुमार ने बिंदापुर थाने में दी अपनी शिकायत में बताया है कि उत्तम नगर में नेविगेटर ग्लोबल के नाम से कार्यालय चलाने वाले गुरवीर सिंह रुद्रा नाम के शख्स ने उसे पोलैंड का वर्क वीजा दिलाने की बात कही थी। इसके एवज में आरोपी ने उससे दो माह पहले तीन लाख रुपये और उसका पासपोर्ट ले लिया था। 22 मार्च को आरोपी ने उसे टिकट का पीडीएफ भेजा। जिसमें 27 मार्च को पोलैंड जाने का टिकट था। इसे लेकर 23 मार्च को जब वह गुरवीर के कार्यालय पहुंचा तो उसका कार्यालय बंद था।
पीड़ित ने उसके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन नंबर भी बंद था। आस पास पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी अपना कार्यालय खाली कर चला गया है।इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार आरोपी को कुछ लोगों ने रुपये नकद दिए थे, जबकि कुछ ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। हालांकि अभी तक आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन लोगों ने ही शिकायत दी है। आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।