दो भूखंड बेचने के नाम पर सात लोगों ने मां और बेट से 2.78 करोड़ की ठगी कर ली। पैसे लेने के बाद भी आरोपी भूखंड की रजिस्ट्री नहीं कर रहे हैं। न्यायालय के आदेश पर सेक्टर-63 पुलिस ने महिपाल सिंह हूण, कुशाग्र अंसल, करूण अंसल, नेहा अंसल, इकनीत कौर, गणेश और रमेश के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कुल 11 धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्वांचल हाइट्स निवासी राजेश चौधरी ने शिकायत में बताया कि 16 फरवरी 2022 को महीपाल सिंह हूण ने उसकी मुलाकात कुशाग्र अंसल, करूण अंसल, नेहा अंसल, इकनीत कौर, गणेश व रमेश से कराई। कुशाग्र और नेहा ने अंसल गोल्फ लिंक-2 में नर्सिंग होम के 3700 वर्गमीटर प्लॉट को बेचने का सौदा किया था। पीड़ित ने 1.75 करोड़ रुपये आरटीजीएस व चेक के माध्यम से भुगतान किए। वहीं, 15 लाख रुपये मां सुनीता चौधरी के खाते से और 50 लाख रुपये दोस्त अशोक अग्रवाल के खाते से इन लोगों को दे दिए।
राजेश की मां सुनीता ने भी कुशाग्र अंसल, करूण अंसल, इकनीत कौर, नेहा अंसल, महीपाल सिंह हूण, गणेश व रमेश से एक आवासीय भूखंड करीब 40 लाख रुपये में खरीदा। आरोप है कि पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने साजिश करके प्रार्थी व उसकी माता के पक्ष में फर्जी एग्रीमेन्ट टू सेल हस्ताक्षरित कर दिया तथा भुगतान प्राप्त की रसीदें जारी कर दी। आरोपियों ने दोनों भूखंडों को नापकर भौतिक कब्जा प्रदान कर दिया।
प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं कराने पर शिकायतकर्ता ने विरोध किया। इस पर महीपाल ने कहा कि प्रापर्टी के रेट बढ़ गए है। अब वह भूखंडों की रजिस्ट्री नहीं कराएगा। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि बीते 15 जून को जब वह मां का इलाज कराकर लौट रहा था तो आरोपियों ने उसके और उसकी मां संग मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।