एटीएम कार्ड बदलकर एक हजार लोगों से धोखाधड़ी, सात गिरफ्तार
नोएडा। एटीएम कार्ड बदलकर एक हजार से अधिक लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का नोएडा पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 4.2 लाख रुपये, कई बैंकों के 107 एटीएम कार्ड और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है। आरोपी बूथ पर मदद करने के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर फर्जीवाड़े को अंजाम देते थे।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था लव कुमार ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर को सेक्टर-62 के पास से एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात बदमाशों को दबोच लिया। इनकी पहचान शाहीनबाग, दिल्ली निवासी राकेश उर्फ अब्बास, पटपड़गंज, दिल्ली निवासी चंदन, लोनी निवासी मोहित, कौशांबी गाजियाबाद निवासी राजीव, हरेंद्र, बुलंदशहर निवासी सौरभ और विजय नगर निवासी मनीष के रूप में हुई है। आरोपी खराब पड़े एटीएम बूथ के पास खड़े होते थे और जब ग्राहक का पैसा नहीं निकलता था तो मदद के बहाने झांसे में लेकर उनका कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद कार्ड से पैसे निकाल लेते थे। आरोपी गौतमबुद्धनगर, दिल्ली, मुंबई, आगरा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, गाजियाबाद में इस तरह की धोखाधड़ी कर चुके हैं।
एटीएम खराब है की तख्ती हटाकर देते थे झांसा
आरोपी ऐसे बूथ पर खड़े होते थे जहां पर कम भीड़भाड़ या मशीन खराब होती थी। ये लोग खराब एटीएम के बाहर लगे आउट ऑफ फंक्शन या मशीन खराब हैं की तख्ती हटा देते थे। इसके बाद जो भी लोग पैसे निकालने आते थे उनमें महिला, बुजुर्ग और कम पढ़े लिखे लोगों को टारगेट करते थे। पैसे निकालने के दौरान ये आरोपी पासवर्ड देख लेते थे, फिर मदद करने का झांसा देकर कार्ड बदल लेते थे।
जेबकतरों से खरीदते थे एटीएम कार्ड
आरोपी जेबकतरों से हजार से डेढ़ हजार रुपये में कार्ड खरीदते थे। गिरोह का सरगना अब्बास उर्फ राकेश व मोहित है। मनीष जेबकतरा है। आरोपी चोरी के एटीएम कार्ड को साथी सौरभ व हरेंद्र को बेचता था। सौरव व हरेंद्र इसे अब्बास व मोहित को देते थे। इसके बाद ये लोग इन कार्ड से धोखाधड़ी को अंजाम देते थे।
एटीएम कार्ड धारक ध्यान दें
1. एटीएम कार्ड चोरी होने व कहीं गिरने पर संबंधित बैंक को तुरंत सूचना दें और उसको ब्लॉक कराएं।
2. एटीएम प्रयोग करते समय केबिन में केवल एक ही व्यक्ति मौजूद रहे।
3. यदि किसी व्यक्ति को एटीएम प्रयोग करने में कोई समस्या आ रही है तो कस्टमर केयर या संबंधित बैंक से संपर्क करें।
4. एटीएम कार्ड काम नहीं करने पर अलग-अलग मशीनों पर नहीं आजमाएं।
5. जिस एटीएम पर गार्ड नहीं है। वहां एटीएम प्रयोग करते समय विशेष ध्यान रखें।
6. एटीएम उपयोग करने के दौरान अजनबी व्यक्तियों की मदद न लें।
7. अपरिचित या अनजान व्यक्तियों को एटीएम कार्ड न दें
8. बच्चों कार्ड लेकर पैसे निकालने न भेजें।
9. पासवर्ड डालते वक्त किसी की नजर न पड़े, इसलिए झुककर या मशीन से सटकर खड़े रहें।
10. ऐसे एटीएम का उपयोग नहीं करें, जहां पूरी तरह रोशनी न हो, सुरक्षा का अभाव हो या सुनसान जगह पर हो।
11. एटीएम कार्ड गोपनीय व सुरक्षित रखे।