डोमिनोज पिज्जा की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर 79 लाख की ठगी
- कंपनी की ई-मेल आईडी में बदलाव कर साइबर जालसाजों ने कई लोगों से की धोखाधड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अंतरराष्ट्रीय ब्रांड डोमिनोज पिज्जा की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर साइबर जालसाज लोगों से ठगी कर रहे हैं। जालसाज कंपनी की ई-मेल आईडी में थोड़ा बदलाव कर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में कंपनी के पास इस तरह की कई शिकायतें मिली हैं। अब तक 79 लाख रुपये की ठगी का पता चला है। कंपनी की जनरल मैनेजर ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जुबिलिएंट फूड वर्क्स लिमिटेड कंपनी का मुख्य कार्यालय सेक्टर-127 में है। कंपनी देश में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड डोमिनोज पिज्जा की फ्रेंचाइजी देती है। कंपनी के मानकों को पूरा करने के बाद निर्धारित शुल्क लेकर फ्रेंचाइजी दिया जाता है। कंपनी के जनरल मैनेजर जतिन राय ने सेक्टर-36 साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी है। हाल ही में कंपनी के पास कई लोगों ने डोमिनोज पिज्जा की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर ऑनलाइन फॉर्म भराकर उनसे पैसे लिए जाने की शिकायत की थी। आरोप है कि जुबिलिएंट फूड वर्क्स लिमिटेड कंपनी की ई-मेल आईडी से मिलती जुलती आईडी बनाकर लोगों को झांसा दिया जा रहा है।
सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि जुबिलिएंट फूड वर्क्स लिमिटेड कंपनी की तरफ से शिकायत पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वादी पक्ष की तरफ से अब तक 79 लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात बताई गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।