फिरोजपुर झिरका। पुलिस ने हसनपुर बिलोंडा गांव के छात्र के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। टॉपर एप के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई करने के बहाने बजाज फाइनेंस से 50 हजार रुपये का लोन लेकर धोखाधड़ी करने वाले कर्मचारी सरीम-दानिश को शनिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। फिरोज झिरका थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि बिलोंडा गांव के अब्दुल सत्तार ने अपने बेटे का दाखिला ऑनलाइन पढ़ाई के लिए टॉपर एप पर कराया था। सत्तार ने पुलिस को बताया कि टॉपर एप चलाने वाले ने उसके बेटे के नाम के कागज लेकर उसके नाम पर बजाज कंपनी से 50 हजार का फाइनेंस करा लिया, इसकी जानकारी उसे कंपनी से आए फाइनेंस के संदेश से मिली। इसके बाद उसने बृहस्पतिवार शाम को शिकायत कर टॉपर एप के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। तब पुलिस व पीड़ित सत्तार के बीच बनाई गई रणनीति के अंतर्गत टॉपर एप के कर्मचारी सरीम-दानिश को झिरका बुलाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।