ग्रेटर नोएडा। पूरा भुगतान करने के आठ साल बाद भी फ्लैट नहीं देने पर आर्कमेट सामिया कंसोर्टियम के सीएमडी जमील ए खान, निदेशक सगीर खान, निदेशक कैलाश कुमार, निदेशक खेताब अहमद खान, अमोद कुमार शुक्ल और साझेदार विपिन बाली के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
दिल्ली के दिलशाद कॉलोनी निवासी ललित प्रकाश ने जिला न्यायालय में दी शिकायत में कहा कि दिसंबर 2013 में उन्होंने सेक्टर पाई आर्कमेट सामिया कंसोर्टियम ग्रीन व्यू अपार्टमेंट में निर्माणाधीन आवासी परियोजना में फ्लैट बुक कराया था। आरोप है कि ललित प्रकाश ने विभिन्न माध्यमों व तिथियों पर 1.40 करोड़ रुपये का भुगतान किया और तीन फ्लैट बुक किए। ललित प्रकाश का आरोप है कि बिल्डर ने उसे बुक फ्लैट के बजाय दूसरे फ्लैट की रसीद दे दी और बुक किएदो फ्लैट किसी अन्य को दे दिए। उसने इसका विरोध किया तो बिल्डर ने रसीद में फ्लैट संख्या बदलने का आश्वासन दिया। एफआईआर में कहा गया है कि बिल्डर ने वर्ष 2014 में अनुबंध किया था। इसमें एक साल में पीड़ित को बाइबैक पॉलिसी से पूरा पैसा लौटाने की बात कही गई थी, लेकिन बिल्डर ने पैसा नहीं लौटाया। ललित प्रकाश ने बताया कि अक्तूबर 2016 में बिल्डर ने बाइबैक पॉलिसी की शर्तों के साथ फिर अनुबंध किया। इसके लिए तीन चेक दिए। पहला चेक ही बाउंस हो गया। फिर बिल्डर ने चेक नहीं लगाने के लिए कहा। इसके बाद बिल्डर ने 12.67 लाख रुपये लौटाए, लेकिन शेष रकम लौटाने के बजाय धमकियां दी गईं। ब्यूरो