संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली पर लोगों ने सोमवार देर रात तक आतिशबाजी की और एक दूसरे को खूब उपहार व मिठाई भी भेंट की। रात में जहां चारों तरफ खुशी मनाई जा रही थी, वहीं मंगलवार सुबह शहर में जगह-जगह कूड़ा बिखरा मिला। शहर की शायद ही कोई ऐसी गली या सड़क थी जिसमें कूड़े के ढेर न लगे हो। एक ही दिन में शहर से चार गुना ज्यादा कूड़ा निकला। जिसे उठाने के लिए दिनभर नगर निगम की गाड़ियां लगी रहीं।
यमुनानगर व जगाधरी शहर से वैसे तो रोजाना 250 से 280 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। परंतु दिवाली पर इसमें चार गुणा ज्यादा की वृद्धि हो गई। दरअसल दिवाली पर लोग देर रात आतिशबाजी करते रहे। तेज आवाज वाले बडे़-बड़े पटाखे बजाए गए। इसके अलावा लोगों ने दिवाली पर एक दूसरे को मिठाई व उपहार भी भेंट किए। इसलिए इनके डिब्बे सड़कों पर ही पड़े मिले।
शहर में रोजाना कूड़ा बीनने वाले घूमते हैं। मंगलवार तड़के से ही कूड़ा बीनने वालों ने गली-गली घूम कर पटाखों, मिठाई व उपहारों के डिब्बे एकत्रित कर लिए। उन्होंने सड़कों से उठाकर गत्ते के बड़े-बड़े बोरे भर लिए। इसे कबाड़ी की दुकानों पर बेच कर उनकी अच्छी खासी आमदनी हो गई।
दिवाली पर शहर से जो कूड़ा निकलता है, उसे उठाकर हालात सामान्य करने में पांच से सात दिन का समय लग सकता है। वह इसलिए क्योंकि अभी भी लोगों को घरों में काफी कूड़ा पड़ा हुआ है। लोगों के घरों में जो मिठाई व उपहार हैं उसका कूड़ा तीन से चार दिनों बाहर फेंका जाएगा।
साथ ही त्योहारों के बाद एक बार फिर से घरों की साफ सफाई होगी। इसके अलावा बुधवार को विश्वकर्मा डे है। इस दिन सभी दुकानदार व फैक्टरी संचालक अपने यहां साफ सफाई करते हैं। दुकानों में जो सामान बिका है उसके बचे हुए वेस्ट की भी सफाई होनी बाकी है। इसे उठाने के लिए नगर निगम को अतिरिक्त कर्मचारी लगाने होंगे।
आग लगाकर नष्ट किया गया कूड़ा
शहर में ज्यादा कूड़ा निकलने पर कई जगह आग लगाकर इसे नष्ट कर दिया गया। यही वजह है कि शहर में जगह-जगह जला हुआ कूड़ा दिखाई दिया। इसके अलावा दिन में भी कूड़े से धुएं को उठता हुआ देखा गया। आसपास के लोग आरोप लगा रहे हैं कि जो कर्मचारी सफाई करने आए थे उन्होंने ही कूड़े में आग लगा दी। आजाद नगर के मुख्य चौक, मुंडा माजरा रोड पर गैस एजेंसी के सामने, तेजली खेल परिसर के सामने व खेल मैदान में, ताऊ देवी लाल कांप्लेक्स, इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे रोड पर न्यू मार्केट के पास, सहारनपुर रोड, जिमखाना रोड के पास खाली प्लॉट में, जगाधरी रोड, सेक्टर-17 में गुरुद्वारा के पास, शिवपुरी कॉलोनी, मॉडल टाउन, छोटी लाइन, हमीदा समेत कई जगह कूड़ा जलाया गया।
दिवाली पर हर साल कूड़ा ज्यादा निकलता है। कूड़ा जल्द से जल्द उठे इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। गाड़ियों के फेरे बढ़ाने पड़ेंगे और कर्मचारी भी ज्यादा लगाने होंगे। कूड़ा उठाने वाली एजेंसी से कह दिया गया है कि कूड़ा उठान में तेजी लाए। - अनिल नैन, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर निगम।
विश्वकर्मा मोहल्ला में लगी आग से जला ऊन व अन्य सामान। संवाद
विश्वकर्मा मोहल्ला में लगी आग से जला ऊन व अन्य सामान। संवाद
विश्वकर्मा मोहल्ला में लगी आग से जला ऊन व अन्य सामान। संवाद
विश्वकर्मा मोहल्ला में लगी आग से जला ऊन व अन्य सामान। संवाद
विश्वकर्मा मोहल्ला में लगी आग से जला ऊन व अन्य सामान। संवाद