ग्रेटर नोएडा। निजी न्यूज चैनल के एडिटर इन चीफ अतुल अग्रवाल से राइज पुलिस चौकी से पहले सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में हुई लूटपाट की घटना की पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। लेकिन फेसबुक पर की गई पोस्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने गश्त व चेकिंग बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि अतुल अग्रवाल ने रविवार रात फेसबुक पर पोस्ट कर शनिवार रात हुई लूटपाट की घटना का विवरण लिखा था। अतुल अग्रवाल ने बदमाशों के चंगुल में फंसने के दौरान पूरे घटनाक्रम का जिक्र इस पोस्ट में किया था। दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उनसे वारदात के दौरान गाली गलौच व अभद्रता की थी। उन्होंने लिखा था कि वे न्यूज एंकर हैं और उन्होंने अपने बेटे की दुहाई दी। शायद इसलिए उनकी जान बच गई। बदमाश उनसे छह हजार रुपये लूटकर ले गए थे। कई बार पिस्टल तानकर उन्हें गोली मारने की धमकी दी थी। अतुल अग्रवाल ने इस घटना के बाद केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उनकी जान बच गई, इसके लिए वे ईश्वर के शुक्रगुजार हैं। इस मामले में उन्हें केस दर्ज नहीं कराना। वहीं डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट का संज्ञान लेते हुए टीमें गठित कर दी गईं हैं। थाना पुलिस को भी गश्त व चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।