नोएडा में गांजा तस्करी के आरोप में फर्जी जेल भेजने का दबाव बनाकर मारपीट करने और पैसे उगाही करने के मामले में पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
वहीं, पुलिस की वर्दी में पैसे लेने के आरोपी सिपाही सोनू कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। सोनू कुमार कोतवाली सेक्टर 58 में तैनात है। डीसीपी नोएडा जोन हरीश चंदर ने बताया कि इस मामले में सेक्टर 57 के चौकी प्रभारी लोकेश शर्मा हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार त्यागी, कॉन्स्टेबल अंकित बालियान और सोनू कुमार को निलंबित कर दिया गया है और इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि निलंबित कॉन्स्टेबल सोनू कुमार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस की टीम सोनू कुमार से पूछताछ कर रही है। इस प्रकरण में जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें कॉन्स्टेबल सोनू कुमार वर्दी में एक सख्त से रिश्वत की रकम लेते हुए दिखाई पड़ रहा है।