लग्जरी कार चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
स्कॉर्पियो व ब्रेजा कार बरामद, दो अन्य आरोपी से पूर्व में फॉरच्यूनर की थी बरामद
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर एक राज्य से दूसरे राज्य में लाकर करते थे बिक्री
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-दो थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में लग्जरी कार चोरी करने और चोरी की कार खरीदने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार बरामद की है। इससे पहले आरोपियों के दो साथियों के कब्जे से पुलिस ने फॉरच्यूनर कार बरामद की थी। गिरोह कार चोरी करने के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर एक राज्य से दूसरे राज्य कार ले जाकर बेचता था। पुलिस को उम्मीद है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी बड़े स्तर पर बरामदगी होगी।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि बीटा-दो कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा की टीम ने लग्जरी कार चोरी करने वाले दो आरोपियों प्रवीण त्यागी व प्रवीण शर्मा को आठ अप्रैल को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के बाद मंगलवार को मेरठ के गांव माछरा के मोहम्मद सरफराज उर्फ दिलशाद, अंबाला के इंद्रजीत, हापुड़ के सलाद्दीन, बाबरपुर शाहदरा के मोहम्मद हारून को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सरफराज को पी-तीन गोल चक्कर जबकि तीन अन्य को अल्फा-एक मेट्रो के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद सरफराज ने मेरठ निवासी फरमान और इमरान के साथ मिलकर गुरुग्राम से स्कार्पियो चोरी की थी। आरोपी शौक पूरे करने के लिए महंगी कार चोरी करते हैं।