सब जूनियर नेशनल गेम्स में चार जिम्नास्ट चयनित
नोएडा (संवाद)। प्रयागराज में होने वाले सब जूनियर नेशनल गेम्स के लिए जिले के चार जिम्नास्ट का चयन हुआ है। चुने गए अभिधा सिंहदेव, सिद्धि भारद्वाज, अदिरा शिवा शर्मा और ऋत्विका कानेगांवकर प्रतियोगिता में मुकाबला करेंगे। प्रतियोगिता में देशभर से शीर्ष 6–6 जिम्नास्ट शामिल होते हैं। जिम्नास्टिक एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर की अध्यक्ष कामनी गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष केवल दो खिलाड़ी क्वालीफाई कर पाए थे, लेकिन इस बार संख्या बढ़कर चार हो गई है। उन्होंने कहा कि जिले से पहले कभी कोई जिम्नास्ट ओपन नेशनल के लिए क्वालीफाई नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि चारों चयनित जिम्नास्ट ओलंपियन दीपा करमाकर की प्रशिक्षण टीम के मार्गदर्शन से प्रेरित हैं।
द मिसफिट्स आठ रनों से जीती
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-115 स्थित रणभूमि क्रिकेट मैदान पर खेले गए सीजन-21 के मुकाबले में द मिसफिट्स ने द लायंस क्लब को 8 रनों से हरा दिया। द मिसफिट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 205 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए द लायंस क्लब निर्धारित 20 ओवरों में 197 रन बना सकी। कोच जतिन ने बताया कि दीपक यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।