संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के गांव अजीजपुर से गांव शाहपुर जाने वाले पक्के रास्ते कब्जा करने का विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के चार सदस्यों पर लाठी-डंडों, तलवार व गड़ासी से हमला कर दिया। इसमें परिवार के चार लोग घायल हो गए। छप्पर थाना पुलिस ने 14 आरोपियों को विभिन्न धाराओं में नामजद किया है।
शिकायत में गांव शाहपुर निवासी लखविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि गांव अजीजपुर से शाहपुर जाने वाले पक्के रिवेन्यू रास्ते पर साथ लगते गांव लवाना के सुरेंद्र व अन्य लोग कब्जा कर खेतों में मिलाना चाहते हैं। विरोध करने पर 11 अक्तूबर को नवीन, दिलीप, अनिल, सुरेंद्र, संजीव कुमार, अश्वनी कुमार, करम सिंह, राजवीर, परब कुमार, संदीप, सतबीर, मुकेश कुमार, शुभम व गुरसेवक बाजवा ने उस पर लाठी-डंडों, तलवार व गंडासी से हमला कर दिया।
इसमें वह घायल हो गया। इस बात का पता लगने पर परिवार के सदस्य बलजिंद्र, भूपेंद्र सिंह व मनजीत भी मौके पर पहुंचे, उन पर भी हमलावरों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर गांव के ग्रामीण इकट्ठे हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
ग्रामीणों ने उसे व परिवार के घायल सदस्यों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।