ग्रेटर नोएडा। नोएडा की आईटी कंपनी के मैनेजर की नई एसयूवी में लांग ड्राइव पर निकले एक युवती समेत चार कर्मियों की मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर अलीगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी जीरो प्वाइंट रोटरी पर उतरते समय रेलिंग से टकराकर 30 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे के वक्त एसयूवी में नौ लोग सवार थे। जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने छह घायलों को दो अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। इनमें एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। शेष पांच घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे के घुमाव के पास तेज रफ्तार एसयूवी पर नियंत्रण खोने से हादसा हुआ है। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि हादसे से पूर्व एसयूवी सवारों ने पार्टी भी की थी।
पुलिस के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-2 स्थित टेरासिस इंफोकॉम आईटी कंपनी में मैनेजर शिमला निवासी आशीष सूद उर्फ आशू ने शनिवार को नई फोर्ड एंडेवर खरीदी थी। शनिवार को नाइट ड्यूटी के बाद टीम लीडर गाजियाबाद निवासी अभिषेक, सेल्स एग्जक्यूटिव सलीम, सुष्मिता, नैंसी, शीला, नवीन, शिव विजय सिंह और चंद्रमोहन एसयूवी में सुबह करीब 6 बजे नोएडा से लांग ड्राइव पर निकले थे।
कंपनी के अधिकारी व कर्मी अलीगढ़ क्षेत्र में टप्पल तक यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते पहुंचे और लौटने लगे। जीरो प्वाइंट (पंडित दीन दयाल पुरातत्व संस्थान) के करीब तेज रफ्तार एसयूवी यमुना एक्सप्रेसवे की रोटरी (उतार) पर अनियंत्रित हो गई। एसयूवी रेलिंग को तोड़ती हुई 30 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को क्षतिग्रस्त एसयूवी से निकालने के प्रयास में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद एसयूवी सवारों को बाहर निकाला गया लेकिन इनमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे में इनकी गई जान
हादसे में दिल्ली के उत्तम नगर महारानी एंक्लेव निवासी शीला, अजंता कॉलोनी गढ़ रोड मेरठ निवासी नवीन (32), दिल्ली के शकरपुर लक्ष्मी नगर निवासी शिव विजय सिंह (33) और मयूर विहार फेज-3 निवासी चंद्रमोहन (26) की मौत हो गई।
दो की हालत गंभीर
घायलों में एसयूवी चला रहे अभिषेक और दिल्ली के संजय एंक्लेव निवासी नैंसी की हालत गंभीर है। जबकि मैनेजर आशीष और दिल्ली के मौजपुर निवासी सलीम व लक्ष्मीनगर एक्सटेंशन निवासी सुष्मिता खतरे से बाहर हैं। उन्होंने पुलिस को हादसे के बारे में पूरी जानकारी दी।
हादसे में एक युवती समेत चार लोगों की मौत हुई है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है, प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि यमुना एक्सप्रेसवे के हल्के घुमाव पर तेज रफ्तार एसयूवी के अनियंत्रित होने व रेलिंग से टकराकर नीचे गिरने से हादसा हुआ है।- रणविजय सिंह, एसपी ग्रेटर नोएडा